मृतक पूर्व सैनिक कमलजीत सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : संवाद
होशियारपुर के नसराला स्थित नेशनल हाईवे पर एक के बाद एक कई वाहनों में टक्कर हो गई। होशियारपुर-जालंधर रोड पर तारागढ़ मोड़ के पास दो कारों और दो बाइक सहित कुल 4 वाहनों की भीषण टक्कर में एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में लोग लोग एक पुरुष व एक महिला घायल हुए हैं। मृतक की पहचान पूर्व सैनिक कमलजीत सिंह (44) निवासी धीरोवाल, नारू नंगल के तौर पर हुई है। कमलजीत सिंह सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक कमलजीत सिंह अपनी बाइक पर जालंधर में अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। इस दौरान बलेनो कार में सवार विशाल चोपड़ा, पत्नी अंजलि और बेटी माहिरा के साथ हिमाचल के हमीरपुर से जालंधर अपने घर आ रहे थे। एक अन्य कार में पंकज निवासी हमीरपुर, हिमाचल अपनी आई-20 कार में अपने परिवार, पत्नी नेहा तन्वी और दो बच्चों अंश और दिवांश के साथ अमृतसर जा रहे थे। इस दौरान अर्पण कुमार निवासी बरयाल नजदीक शामचुरासी अपनी बाइक पर रात्रि ड्यूटी देकर अपने घर आ रहा था। ये सभी गाड़ियां होशियारपुर से जालंधर की ओर आ रही थीं, तभी तारागढ़ मोड़ पर चारों वाहन आपस में टकरा गए।
इस भयानक हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस चौकी नसराला के कर्मचारी एएसआई कश्मीरी लाल, एएसआई गुरवीर सिंह और सड़क सुरक्षा फोर्स के एएसआई गुरवीर सिंह व सिपाही गुरप्रीत सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल होशियारपुर पहुंचाया, लेकिन बाइक चालक पूर्व सैनिक कमलजीत सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बाइक सवार अर्पण कुमार का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है और कार सवार नेहा तन्वी को डॉक्टरों ने मरहम पट्टी कर घर भेज दिया। हादसे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने पूर्व सैनिक कमलजीत सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।