नोटबंदी के बाद से ही बैंकों के बाहर लोगों की ओर से हंगामे किए जा रहे हैं। लोग घंटों लाइनों में लगकर बैंक से रुपये हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कैश की कमी से लोगों को खाली हाथ वापस जाना पड़ रहा है। इससे लोगों का गुस्सा बैंक कर्मचारियों पर निकल रहा है।
मॉडल हाउस के एक बैंक में मंगलवार को भी रुपये लेने के लिए लोग सुबह 7 बजे से ही लाइन में लगे थे। वहीं बैंक कर्मचारियों की ओर से यह कहे जाने पर कि बैंक में कैश नही पहुंचा है, सुनकर लोग भड़क गए। इससे नाराज लोगों ने बैंक के बाहर हंगामा कर दिया। कैश नहीं है कि बात सुनते ही सुबह से लाइन में लगे लोगों का गुस्सा फुट पड़ा और उन्होंने रोड जाम कर दिया।
लोगों ने रोड जाम कर बैंक के बाहर बैंक और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। मामला बिगड़ता देखकर बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप और थाना पांच की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को किसी तरह शांत किया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया। लोगों का कहना है कि वह सुबह से लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन जब रुपये लेने का समय आया तो बैंक कर्मचारियों ने कह दिया कि बैंक में कैश नही पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि वह बीते कई दिनों से बैंक में रुपये लेने के लिए आ रहे हैं, लेकिन लेकिन रुपये तो मिल नही रहे, बस परेशानी ही मिल रही है। इस पर बैंक अधिकारियों का कहना था कि बैंक में जब भी कैश आता है, लोगों में बांट दिया जाता है। जब बैंक में कैश नही होगा तो वो लोगों को कहां से रुपये देंगे। जनता को यह बात समझनी चाहिए।