फिरोजपुर। नारकोटिक्स कंट्रोल सेल ने डीसी आफिस चौक के पास एक्टिवा सवार महिला और पुरुष को पचास ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों कोटकपुरा जिला फरीदकोट के रहने वाले हैं। वह दोनों हेरोइन बेचने फिरोजपुर आए थे।
थाना कैंट पुलिस ने रविवार को आरोपी महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है। पुलिस के मुताबिक नारकोटिक्स कंट्रोल सेल के एएसआई अंग्रेज सिंह पुलिस पार्टी समेत छावनी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
डीसी आफिस चौक के पास पुलिस की गाड़ी देखकर एक्टिवा पर सवार एक महिला और पुरुष स्कूटर मोड़कर भागने लगे कि अचानक स्कूटर बंद हो गई। उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से पचास ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रगट सिंह निवासी वार्ड-18, जैतो चुंगी कोटकपुरा, जिला फरीदकोट और परमजीत कौर वासी वार्ड-17 बैक साइड दुधाधारी डेरा ब्राम्हण वाला रोड कोटकपुरा, जिला फरीदकोट के रूप में की गई है। थाना कैंट पुलिस ने उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है, कि यहां किसे हेरोइन देने पहुंचे थे।