नववर्ष पर बढ़ी संख्या में श्रद्धालु श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने आते है। वहीं श्रद्धालु श्री दुर्ग्याणा तीर्थ और श्री राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर में भी नतमस्तक होने आते हैं। इन प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर जसकरण सिंह ने कहा कि अलर्ट को मुख्य रख शहर को पूरी तरह सुरक्षित किया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पंजाब में आतंकी हमले का इनपुट मिलने और नववर्ष को लेकर पठानकोट पुलिस ने भी चौकसी बढ़ा दी है। इसी के चलते शुक्रवार को पठानकोट पुलिस ने एसपी (गुप्तचर) मनोज ठाकुर के नेतृत्व में पंजाब हिमाचल सीमा पर चक्की पुल पर नाका लगाया है। इस दौरान हर आने-जाने वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है।
एसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि डीजीपी गौरव यादव एवं एसएसपी पठानकोट हरकमलप्रीत सिंह खख के दिशा निर्देश के अनुसार पठानकोट में विशेष नाका लगाया गया है। इसमें वाहन चालकों से पूछताछ की जा रही है और वाहनों की तलाशी भी ली जा रही है।
उन्होंने कहा कि नववर्ष पर कोई भी शरारती तत्व पठानकोट में किसी वारदात को अंजाम न दे सके, इसे लेकर पुलिस सतर्कता बरती रही है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच दिन से पुलिस विशेष अभियान चला रही है। इसमें पठानकोट शहर में झुग्गी झोपड़ी बनाकर रहने वाले लोगों के पहचान पत्र की जांच और गुज्जरों के डेरों पर जाकर पूछताछ शामिल है।
उन्होंने पठानकोट के होटल एवं रेस्टोरेंट मालिकों से ठहरने वाले हर व्यक्ति का पहचान पत्र लेने और जानकारी पुलिस के साथ साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहरवासी भी अतिरिक्त सतर्कता बरतें। अगर उनके आसपास कोई भी अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना करें। नववर्ष पर हुल्लड़बाजी करने वालों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर नववर्ष पर कोई भी हुल्लड़बाजी करता पाया गया या फिर शराब पीकर गाड़ी चलाता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।