ट्रैफिक नाके पर एक युवक के पकड़े जाने के बाद थाना-4 की पुलिस ने नशीले पदार्थों के कारोबार का भंडाफोड़ करने में कामयाबी पाई। मामले में पुलिस ने एक युवक हरविंदर सिंह उर्फ स्वामी को पकड़ने के साथ 344 ग्राम चरस बरामद करने का दावा किया है।
ट्रैफिक पुलिस ने ज्योति चौक पर नाका लगा रखा था। इस दौरान वहां से निकल रहे एक युवक को शक के आधार पर रुकने का ईशारा किया गया। हालांकि वह नहीं रुका और भाग निकला।
पुलिस टीम ने युवक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। तालाशी के दौरान युवक के पास से नशीला पाउडर बरामद हुआ। इसके बाद युवक को पुलिस थाने ले गई।
थाना प्रभारी एसीपी ट्रेनिंग ऋचा अग्निहोत्री ने तुरंत पुलिस टीम के साथ आरोपी के पक्का बाग स्थित बताए घर में दबिश दी। इस दौरान पुलिस पार्टी को 344 ग्राम नशीले पदार्थ की बरामदगी हुई। यह नशीला पदार्थ चरस बताया जा रहा है।