अमेरिका में रहने वाले मोहिंदर सिंह की छह करोड़ रुपये की प्रापर्टी को जाली दस्तावेजों के जरिए बेचने की योजना बनाने वाले को एनआरआई थाना पुलिस ने काबू कर लिया है। इस पूरी योजना का मास्टर माइंड अमेरिका में है।
एनआरआई थाने के एसएचओ दलबीर सिंह ने बताया कि अमेरिका के रहने वाले मोहिंदर सिंह ने शिकायत में बताया था कि वह मूल रूप से मकसूदां इलाके का रहने वाला है।
उसकी जालंधर सिटी एरिया में शक्ति नगर में करोड़ों की प्रापर्टी है। योजना बनाकर कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों के सहारे उसे बेचने की कोशिश कर रहे हैं। मोहिंदर सिंह की शिकायत पर एनआरआई थाने ने गहराई से जांच की तो पता चला कि करोड़ों की प्रापर्टी को कुलविंदर सिंह पुत्र रघुबीर सिंह निवासी ध्यान सिंह कालोनी फगवाड़ा ने जाली दस्तावेजों के जरिए बेचने की कोशिश की है।
पुलिस ने जालसाजी का केस दर्ज कर आरोपी कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। एनआरआई थाने के एसएचओ ने बताया कि आरोपी कुलविंदर सिंह से पूछताछ हुई तो सामने आया कि कुलविंदर सिंह का फूफा मोहिंदर सिंह नामक व्यक्ति है जो अमेरिका में रहता है।
फूफा मोहिंदर सिंह ने जमीन के असली मालिक मोहिंदर सिंह के जाली दस्तावेज अमेरिका से तैयार किए और कुलविंदर सिंह को भेज दिए। इसका इस्तेमाल कर कुलविंदर प्रापर्टी को बेचने की कोशिश कर रहा था। इसकी भनक जमीन के असली मालिक को लग गई।