संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। उपमंडल के गांव खुईयां सरवर में एक कबाड़ के गोदाम में भयंकर आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। खुईयां सरवर निवासी विनेश कुमार का कबाड़ का बड़ा गोदाम गांव में ही बना हुआ है। बुधवार की रात करीब 11 बजे उसे सूचना मिली कि उसके गोदाम में आग लग गई है।
फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाना शुरू किया लेकिन गोदाम में रद्दी, प्लास्टिक व अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग बढ़ती गई। आग बुझाने के लिए शहर से अन्य गाड़ियां मंगवानी पड़ीं। वहीं, गांव के लोग भी पूरी रात आग बुझाने में जुटे रहे। सुबह के समय आग पर काबू पाया जा सका। इस आगजनी में लाखों का नुकसान हो गया।
गोदाम मालिक विनेश कुमार तथा अन्य दुकानदारों ने निगम कमिश्नर अबोहर को पत्र भेजते हुए कहा कि उसके गोदाम में आग किसी शरारती तत्व द्वारा लगाई गई है, अपने आप गोदाम में आग लगने का सवाल ही पैदा नहीं होता। एक दिन पहले ही गांव में काफी बारिश हुई थी। उधर, बजरंग दल हिंदुस्तान के पदाधिकारी कुलदीप सोनी ने भी इस आगजनी की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जिस भी असामाजिक तत्व ने इसे अंजाम दिया है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और अबोहर व जिला प्रशासन सब तहसील खुईयां सरवर में भी एक दमकल गाड़ी स्थायी तौर पर उपलब्ध करवाएं।