तंदूर में जिंदा कुत्ते को डालने की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उक्त वायरल वीडियो छावनी स्थित नरेश चिकन सेंटर की है, पुलिस ने तहकीकात करने के बाद रविवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
तंदूर में जिंदा कुत्ते को डालने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी आग से तपे तंदूर में जिंदा कुत्ता पकड़कर डाल रहा है। जैसे ही कुत्ते को तंदूर में डाला उसके तड़पने से आग की चिंगारियां निकलती दिख रहीं हैं। पुलिस जांच करती हुई नरेश चिकन सेंटर पर पहुंची। सेंटर के मालिक नरेश कुमार पुत्र कली राम वासी सिंध बैंक सतियां वाला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि पंद्रह जुलाई को रोजाना की तरह रात के समय दुकान बंद कर घर चला गया था। 16 जुलाई की सुबह दुकान पर लौटा तो उसने देखा कि दुकान के बाहर तंदूर में आग में झुलसा हुआ कुत्ता पड़ा है, जो मर चुका था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर पता चला कि आरोपी दुआ पुत्र सोमनाथ वासी अरनी वाला जिला फाजिल्का है। जो अक्सर उसकी दुकान पर आता है और वह उसे जानता है। पुलिस ने नरेश के बयान पर आरोपी दुआ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उधर, सूत्रों का कहना है कि उक्त घटना पंद्रह जुलाई की थी। सोलह जुलाई को नरेश को सारी घटना के बारे में पता चल गया था। नरेश ने पुलिस को सूचना तक नहीं दी थी। जब किसी ने उक्त घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी तो पुलिस जांच करती हुई नरेश की दुकान पर पहुंची, तब जाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।