अबोहर के उपमंडल के गांव सैदांवाली में जमीन के विवाद में दो छोटे भाइयों ने अपने परिजनों और साथियों की मदद से बड़े भाई व भतीजी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घायल बड़े भाई की इलाज के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई। भतीजी का इलाज पीजीआई में चल रहा है। थाना सदर पुलिस ने घायल बेटी के बयान पर एक महिला सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में चंद्रकला पुत्री लाल चंद ने बताया कि उसके परिवार के पास नौ किला पुश्तैनी जमीन है। उसके पिता लालचंद, चाचा सतपाल और अनूप कुमार के बीच जमीन का बराबर बंटवारा हुआ था। जमीन के एक हिस्से में चाचा सतपाल और अनूप ने कोठी बना ली। उसके पिता लालचंद कोठी वाली जमीन मांग रहे थे। इसी को लेकर उसके पिता लालचंद का चाचा सतपाल और अनूप से विवाद चल रहा था। इस बारे में कई बार पंचायतें भी हुईं। परिवार के लोग वह जमीन देने को तैयार नहीं थे।
इसी बात को लेकर 14 सितंबर को सुबह करीब साढे़ 7 बजे उसके पिता व चाचा अनूप कुमार और सतपाल से झगड़ा हो गया। इस पर सतपाल, अनूप कुमार और अनूप के बेटे नगीन कुमार, पत्नी मुक्ता, साथी नत्थूराम, नंदू ने उसे व उसके पिता को जान से मार देने की नियत से ट्रैक्टर से कुचल दिया। इससे वह दोनों घायल हो गए। स्थानीय सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर लिया।
पुलिस ने घायल चंद्रकला के बयान पर आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 506, 323, 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार की रात लालचंद की उपचार के दौरान चंडीगढ़ में मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई गुरविंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।