पंजाब के जालंधर के कुल्हड़ पिज्जा कपल की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। हाल ही में निहंग सिखों की तरफ से कुल्हड़ पिज्जा कपल के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद कपल ने श्री दरबार साहिब में अपनी अर्जी लगाने की बात कही है। मामले को लेकर सहज ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि मैं श्री दरबार साहिब जाकर फरियाद करूंगा कि मैं पगड़ी सजा सकता हूं या नहीं। सहज ने कहा कि मैं अगर गलत हूं तो मुझे सजा मिलनी चाहिए।
इस वीडियो में सहज ने कहा कि हर कोई मेरे व मेरे परिवार के साथ बुरा बर्ताव कर रहा है। हमसे गलती हुई है, लेकिन हमारी बात भी सुननी चाहिए। सहज ने कहा श्री अकाल तख्त हमारी संस्था है। वह सही को सही व गलत को गलत बताती है। मुझे पूरा यकीन है कि हमें इंसाफ जरूर मिलेगा। सहज ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार साहिब से मेरा निवेदन है कि मेरी व मेरे परिवार सुरक्षा व मेरे रेस्टोरेंट की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाए।
सहज के इस बयान के बाद निंहग सिख बाबा मान सिंह ने भी एक नया वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कुल्हड़ पिज्जा कपल को धमकाते हुए कहा कि कल यानी सोमवार को सुबह 11.30 बजे वह उनके रेस्टोरेंट के बाहर आएंगे। हम आपस में बैठ कर बात करना चाहते हैं। आपकी भलाई इसी में है कि आप इस मामले को ज्यादा न बढ़ाएं।
बता दें कि बीते दिनों जालंधर के कुल्हड़ पिज्जा कपल के रेस्टोरेंट के बाहर निहंगों ने प्रदर्शन किया था। निहंगों ने मांग की थी कि कुल्हड़ पिज्जा कपल की तरफ से वायरल हुई अश्लील वीडियो को लेकर बच्चों में गलत असर पड़ रहा था। अगर कपल की सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्मों से जितनी भी वीडियो डिलीट करता है तो ठीक नहीं तो फिर वह चाहे पुलिस को बुला लें और उनके सामने वह उनकी पगड़ी को वापस कर दें। उसके बाद वह जीतने भी वीडियो बनाएं उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। वहीं अगर वीडियो डिलीट नहीं किए तो कपल के खिलाफ सख्त एक्शन लेंगे। निहंगों ने कहा कि वे जेल जाने से नहीं डरते हैं। वे इस मामले को लेकर अपना रोष जारी रखेंगे। हालांकि मामला गरमाता देख मौके पर स्थानीय पुलिस अधिकारी पहुंचे थे और मामले को शांत करवाया था।