जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपेंद्र सिंह उर्फ हनी को रिमांड पर लेने के बाद एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) ने शनिवार को पूछताछ की है लेकिन संतुष्टिजनक उत्तर नहीं मिला।
ईडी के अधिकारियों ने सवालों की लंबी चौड़ी फेरहिस्त तैयार कर रखी है, जिनके उत्तर अभी नहीं मिले हैं।
हाई प्रोफाइल मामला होने के कारण ईडी के अधिकारी कुछ बोलने से कतरा रहे हैं। शनिवार को दिन भर ईडी आफिस में सन्नाटा पसरा रहा। किसी भी बाहरी व्यक्ति को आफिस में आने जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। ईडी ने 12 जनवरी को भूपेंद्र सिंह उर्फ हनी के मोहाली स्थित घर पर दबिश दी थी। इस दौरान 10 करोड़ रुपये नकद, महंगी घड़ी की रिकवरी की गई थी। इसी संबंध में हनी से पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए पैसे के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। ईडी की तरफ से दो अधिकारियों ने शनिवार को हनी से दो बार पूछताछ की और लंबे चौड़े सवाल किए। ईडी के अधिकारियों ने हनी के समक्ष 8 करोड़ की राशि का स्रोत क्या है, इसको लेकर पूरा जोर दिया लेकिन उत्तर नहीं मिला।