संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। साल 2015 के बहिबल कलां व कोटकपूरा गोलीकांड से संबंधित तीन केसों की मंगलवार को स्थानीय अतिरिक्त जिला व सेशन जज राजीव कालड़ा की अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान अदालत में बहिबल कलां मामले में चार्जशीट तत्कालीन एसएचओ बाजाखाना अमरजीत सिंह कुलार हाजिर रहे जबकि कोटकपूरा गोलीकांड केस में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल समेत अन्य आरोपी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पेश हुए।
इसके बाद अदालत ने इन मामलों की सुनवाई 2 दिसंबर तक स्थगित करने का आदेश सुनाया। मालूम हो कि पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय ने बहिबल कलां व कोटकपूरा गोलीकांड मामलों की सुनवाई एक साथ करने के आदेश दिए हुए हैं और कोटकपूरा गोलीकांड केस की चार्जशीट के ट्रायल के लिए निचली अदालत से जिला अदालत में पहुंचने के बाद मंगलवार को दोनों मामलों की पहली बार एक साथ सुनवाई शुरू हुई है। 2 दिसंबर की सुनवाई में आरोपियों पर चार्ज पर बहस रखी गई है।