फाजिल्का से आई विजिलेंस की टीम ने पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। विजिलेंस विभाग ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के बीमा अधिकारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार गांव बहाव के एक किसान की गाय की मौत हो गई थी। उसकी बीमा राशि दिलाने के लिए अधिकारी रिश्वत मांग रहा था, लेकिन यूनियन के ध्यान में मामला आने के बाद कर्मचारी को रंगे हाथों काबू कर लिया गया।
बहाव गांव के किसान सुखपाल सिंह की गाय कुछ समय पहले मर गई थी। उसका बीमा दिलाने के लिए एसबीआई का बीमा अधिकारी सुनील कुमार उससे 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था। अंत में सुखपाल सिंह 12 हजार रुपये देने को तैयार हो गया। उसने 2 हजार रुपये गूगल पे से ऑनलाइन भेजे व 10 हजार रुपये आज नकद देने थे। इसकी जानकारी भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी जगजीत सिंह व अन्य को दी। इस पर सभी ने विजिलेंस टीम को सूचना दी और फाजिल्का से आई विजिलेंस की टीम ने बैंक अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कराया।