पंजाब के जालंधर में सोमवार देर रात सूफी गायक नूरां सिस्टर्स और उनके साथियों पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया था। देर रात नूरां सिस्टर्स वडाला चौक के पास किसी कार्यक्रम से लौट रही थीं। गुरु नानक चौक के पास बाइक सवार युवकों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में एक फूड डिलिवरी ब्वॉय का लिंक मिला है, जिस वजह से आरोपी हमलावरों ने नूरां सिस्टर्स पर हमला किया था।
नूरां सिस्टर्स की गाड़ी पर हमले की घटना के बाद दो लुटेरे मौके से फरार हो गए और एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया था। हालांकि आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद थाना 4 में मामला दर्ज कर लिया है।
एसीपी सेंट्रल निर्मल सिंह ने बताया कि देर रात नूरां सिस्टर्स वडाला चौक के पास से कार्यक्रम से घर लौट रही थीं। घर लौटने से पहले वह कुछ खाने के लिए बीएमसी चौक में स्थित एक 24*7 ग्रॉसरी स्टोर पर गई थीं। जब वह उक्त स्टोर के बाहर पहुंची तो उन्होंने देखा कि कुछ बाइक सवार लुटेरे एक फूड डिलीवरी ब्वॉय से मारपीट कर रहे हैं। आरोपी फूड डिलिवरी करने वाले लड़के से लूट की कोशिश कर रहे थे। जैसे ही उन्हें शक हुआ तो उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी से लुटेरों की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार नीचे गिर गया। दो युवक मौके से भाग गए और एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। उसे देर रात थाने लाया गया था, तो पता चला कि उक्त युवक नाबालिग है।
एसीपी निर्मल सिंह ने बताया कि फूड डिलिवरी ब्वॉय प्रीतम कुमार से उक्त आरोपी लूट करने की कोशिश कर रहे थे। उसके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपी उक्त युवक का फोन छीन कर फरार हो रहे थे। फरार चल रहे दोनों आरोपियों की तलाश फिलहाल जारी है। जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।