फिरोजपुर। शहर की दाना मंडी के नजदीक दोस्त के दुश्मनों ने गोली दागकर और तेजधार हथियारों से हमला बोलकर एक नौजवान को जख्मी कर दिया। गोली पीड़ित के दाएं पांव में लगी है। जख्मी हालत में पीड़ित को स्थानीय सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत देख उसे फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज में रेफर किया है। थाना सिटी पुलिस ने बुधवार को पीड़ित के बयान पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू की है।
पीड़ित सर्बजीत सिंह निवासी बस्ती बाग वाली फिरोजपुर शहर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि बाइक पर भैंसों के खाने की सामग्री लेकर आ रहा था कि उसकी बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया। उसने अपने दोस्त शिवम निवासी नानकपुर मुहल्ला बांसी गेट शहर को काल करके पेट्रोल लाने की बात कही। शिवम पेट्रोल लाने की बजाए उसके पास बाइक से पहुंचा और अपनी बाइक से उसकी बाइक बांध कर ला रहा था।
जैसे ही शहर की दाना मंडी के पास पहुंचे कि आरोपी गुरी, छिंदर निवासी बस्ती बाग वाली, राहुल बजाज वासी मछली मंडी व एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंच गए। शिवम उन्हें देखकर वहां से भाग गया। आरोपियों ने समझा कि उसने शिवम को भागने के लिए कहा है। गुरी ने गोली दागी, जो सर्बजीत के दाएं पांव में जाकर लगी। उसी समय राहुल ने उसके सिर पर तेजधार कापा मार दिया। सर्बजीत गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर गया और आरोपी वहां से फरार हो गए। जख्मी हालत में उसे स्थानीय सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां उसकी नाजुक हालत देख उसे फरीदकोट के मेडिकल कालेज में दाखिल करवाया है। इस मामले की जांच कर रहे एएसआई कुलदीप सिंह के मुताबिक पीड़ित के बयान पर आरोपी गुरी, छिंदर, राहुल समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।