धर्मकोट सब डिवीजन के गांव बाकरवाला में एक युवक ने गांव की टंकी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना धर्मकोट के हवलदार सुखदेव सिंह रोली ने बताया कि जगप्रीत सिंह गांव बाकरवाला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके भाई गुरप्रीत सिंह (25) का पांच वर्ष पहले विवाह हुआ था।
मृतक गुरप्रीत सिंह के नशे का आदी होने के उसकी पत्नी नौ माह पहले उसे छोड़कर मायके चली गई थी। उसकी एक मासूम बेटी भी है जो उनके पास रहती है। नशे में धुत गुरप्रीत सिंह रविवार रात गांव की टंकी पर जा चढ़ा और फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। गांव के लोगों ने सुबह टंकी से लटकती लाश देखी तो बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। घटना की फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।