पंजाब के जालंधर में आप नेता मुकेश सेठी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सेठी खिलाफ पुलिस ने कई संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। सेठी पर कांग्रेस नेता को फ्लैट में बंधक बनाकर मारपीट और गोलियां चलाकर धमकाने का आरोप है। कांग्रेस नेता कई दिन अस्पताल में दाखिल रहा लेकिन शनिवार को पुलिस ने बयान कलमबद्ध कर मुकेश सेठी को गिरफ्तार कर लिया।
सेठी आप की टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। थाना-6 के प्रभारी अजाएब सिंह ने बताया कि एफआईआर 210 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को अरमान अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति से मारपीट की गई जिसमें वह गंभीर घायल हो गया है। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए मुकेश सेठी के खिलाफ एफआईआर 210 अंडर सेक्शन 307, 365, 323, 148, 149, 120बी और 25 व 27 आर्म्ज एक्ट दर्ज किया गया है।
वहीं, कुछ दिन पहले सेठी के फ्लैट में एक व्यक्ति से मारपीट का मामला सामने आया था। घायल व्यक्ति गोपाल कृष्ण गोबिंदगढ़ का रहने वाला था, जिसे काफी गंभीर चोटें आईं थी। इस घटना के बाद व्यक्ति इतना ज्यादा डर गया था कि उसने शिकायत भी दर्ज नहीं करवाई। जब इस बारे कमिश्नरेट पुलिस के उच्च अधिकारियों को पता चला तो व्यक्ति शिकायत दर्ज करवाने के लिए मान गया।