साढ़े तेरह करोड़ रुपये का घोटाला
- फोटो : DEMO Pics
सीबीआई टीम ने कैंटोनमेंट बोर्ड में हुए साढ़े तेरह करोड़ रुपये के सीवरेज घोटाले के मामले में मंगलवार को कैंटोनमेंट बोर्ड के सब-डिवीजनल इंजीनियर (एसडीई) सतीश अरोड़ा समेत चार ठेकेदारों के घर पर छापामारी की है। इस मामले में सीबीआई ने एसडीई समेत चार पर मामला दर्ज किया है।
जानकारों का कहना है कि सतीश अरोड़ा के घर छापेमारी के दौरान कथित तौर पर काफी जमीन-जायदाद और संपत्ति सीबीआई को मिली है। सूत्रों के अनुसार सीबीआई टीम की अगुवाई इंवेस्टिगेशन आफिसर (आईओ) राम सिंह व डीएसपी नीलम सिंह कर रही थीं। टीम ने कई जगहों पर छापामारी की।
सीबीआई टीम ने मंगलवार तड़के एसडीई सतीश अरोड़ा के निवास स्थान दशमेश नगर फिरोजपुर शहर व गांव पटेल नगर में बने मकान पर छापामारी की। सीबीआई को अरोड़ा के घर के सामने बनी कोठी की रजिस्टरी, गोबिंद नगरी में बने रघुनाथ मंदिर के पिछली साइड बनी रोज एवेन्यू कालोनी में लगभग एक कनाल का प्लाट (जिसकी मौजूदा समय में तकरीबन डेढ़ करोड़ रुपये कीमत आंकी जा रही है) की रजिस्ट्री बरामद हुई है।
रघुनाथ मंदिर के सामने एक दुकान की रजिस्ट्री के अलावा अन्य कीमती सामान बरामद हुआ है। सीबीआई टीम ने ठेकेदार गुरमेज सिंह (एसके कंस्ट्रक्शन कंपनी), गोरी शंकर गुप्ता चर्च रोड 121, फिरोजपुर कैंट व बठिंडा स्थित बाजा रोड जेतु मित्तल कंस्ट्रक्शन के घर छापेमारी की है, यहां से भी सीबीआई को कीमती सामान व महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा सीबीआई ने कैंटोनमेंट बोर्ड आफिस में भी छापेमारी की है।
सूत्रों के मुताबिक सीवरेज घोटाले में सीईओ रैंक व जेई रैंक के अधिकारियों पर गाज गिरेगी। छावनी क्षेत्र में कई जगहों पर सीवरेज की पाइपें नहीं डली थी और पेमेंट हो चुकी थी। जानकारों का कहना है कि सीबीआई की जांच में कई अधिकारियों पर गाज गिरेगी। सीबीआई ने छावनी में डाले जा रहे सीवरेज में हो रहे घोटाले की शिकायत पर बीते मार्च को फिरोजपुर कैंटोनमेंट बोर्ड में छापामारी की थी। सीबीआई टीम ने तीन दिन तक छावनी में कई जगहों पर जमीन खोद कर देखी थी। जैन मंदिर बाजार, वार्ड नंबर-दस व अन्य जगहों पर सीवरेज की पाइपें जमीन के अंदर से नहीं मिली थी और पेमेंट ठेकेदार को कर दी थी। उस समय सीबीआई अपने साथ जरूरी दस्तावेज ले गई थी। एमबी भी नकली थी।