कार सवार हत्या के आरोपी ने देर रात 12 बजे पहले जालंधर में नाका तोड़ा और फिर आगे महेड़ू रोड पर फगवाड़ा पुलिस के नाके पर खड़े पुलिस कर्मियों पर फायरिंग करता हुआ फरार हो गया। बचाव में डीएसपी फगवाड़ा व एसआई ने भी कई राउंड फायर किए। इस क्रास फायरिंग में किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं है। थाना सतनामपुरा की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इरादा-ए-कत्ल व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर धरपकड़ तेज कर दी है।
थाना सतनामपुरा के एसएचओ इंस्पेक्टर जतिंदर कुमार ने बताया कि वह गुरुवार को देर रात 11:30 बजे महेड़ू रोड अंडरब्रिज पर मौजूद थे और नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक सफेद रंग की इटियोस कार को राजन निवासी गांव अहमदपुर कपूरथला चला है, जिस पर थाना सदर में हत्या का केस दर्ज है। इस समय वह जालंधर की तरफ से नाका तोड़कर भागा है, उसे तुरंत दबोचा जाए।
सूचना के 10 मिनट बाद कार सर्विस रोड से महेड़ू रोड अंडरब्रिज के नीचे से महेड़ू की ओर मुड़ी तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने रुकने के बजाय बैरिकेड के बीच में से गाड़ी निकालने की कोशिश की और पुलिस पर मार देने की नीयत से फायरिंग कर दी। आरोपी पुलिस पर तीन-चार राउंड फायर करते हुए तेज रफ्तार में गाड़ी लेकर आया। इस पर बचाव को पहुंचे डीएसपी फगवाड़ा अछरू राम शर्मा ने अपनी सर्विस पिस्टल से तीन और एसआई सुखविंदर सिंह ने अपनी सर्विस रिवाल्वर से आरोपी पर छह राउंड फायर किए लेकिन आरोपी गाड़ी फगवाड़ा की तरफ लेकर फरार हो गया।
एसएचओ के अनुसार किसी भी पुलिस कर्मी को गोली नहीं लगी है। आरोपी के खिलाफ पुलिस पर इरादा-ए-कत्ल व आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। उधर, एसपी (देहात) कपूरथला जगजीत सिंह सरोआ ने बताया कि सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर जरनैल सिंह पुलिस फोर्स के साथ ट्रैप लगाकर आरोपी राजन का पीछा कर रहे थे, क्योंकि 19 जून को सुबह कपूरथला के गांव अहमदपुर के खेतों में होशियारपुर निवासी बख्शी राम का शव मिला था।
उन्होंने यह भी बताया कि बख्शी राम के हत्यारे और उसकी इटियोस कार की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक कार का पीछा पुलिस टीमें कर रही थी। जब कार फगवाड़ा की ओर गई तो फगवाड़ा पुलिस को अलर्ट किया गया लेकिन आरोपी राजन फगवाड़ा पुलिस पर फायरिंग करता हुआ फरार हो गया।
एसपी ने बताया कि राजन बख्शी राम की इटियोस कार पर जाली नंबर लगाकर घूम रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इन आपराधिक मामलों में आरोपी के साथ उसकी महिला मित्र भी शामिल है, जिसकी फोटो भी पुलिस की ओर से जारी की गई है। उन्होंने जनता से अपील की है कि दोनों आरोपी कहीं भी नजर आएं तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। एसपी के अनुसार राजन अपनी महिला मित्र के साथ टैक्सी ड्राइवरों की गाड़ियां छीनता है। कुछ समय पहले ही वह ऐसे ही एक मामले में जेल से छूटकर आया है। उन्होंने दावा कि आरोपी राजन को जल्द ही उसकी महिला मित्र के साथ दबोच लिया जाएगा।