जालंधर पुलिस ने पकड़े नशा तस्कर।
- फोटो : संवाद
पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए चल रहे अभियान युद्ध नशे के विरुद्ध के तहत जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले दो दिनों के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 68 ग्राम हेरोइन और 70 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि कमिश्नरेट जालंधर के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने हलका जियो अधिकारियों की निगरानी में कई संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी की। इन अभियानों के दौरान 9 आरोपियों से नशे की खेप बरामद की गई, जबकि दो व्यक्तियों को नशा करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस कमिश्नरेट जालंधर ने कहा कि आने वाले दिनों में यह अभियान और भी तेजी से चलाया जाएगा ताकि नशे के इस नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके और समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।