फगवाड़ा सदर पुलिस और सीआईए स्टाफ ने संयुक्त अभियान के तहत लाल बत्ती लगाकर ईटीओ बनकर सरिए के ट्रक लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो लूटे हुए सरिए से लदे ट्रक, आई 20 कार समेत लाल बत्ती, एंडेवर गाड़ी और लूटपाट में प्रयुक्त खिलौना पिस्तौल बरामद की है।
एसएसपी कपूरथला राजिंदर सिंह ने कहा कि गिरोह को काबू करने वाली टीम को सम्मानित करने के लिए आला अधिकारियों से सिफारिश की जाएगी।
एसपी अश्वनी कुमार, डीएसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि 20/21 जनवरी और दो फरवरी की रात को जीटी रोड पर लाल बत्ती लगी कार सवार लुटेरों ने सरियों से लदे दो ट्रक को टैक्स वाले होने की बात कहकर कागज चेक करने के बहाने लूट लिया था। पुलिस ने कबाना के पास नाकाबंदी की हुई थी।
चेकिंग के दौरान एक आई-20 कार (पीबी-36-8673 ) को शक के आधार पर रोका गया, जिसमें चार युवक सवार थे। पूछताछ में इन्होंने अपनी पहचान गुलजार सिंह, उसका भाई सुखदेव सिंह, कुलवंत सिंह और जरनैल सिंह के रुप में दी।
आरंभिक पूछताछ में चारों ने माना कि वह जाली ईटीओ बन कर गाड़ी पर लाल बत्ती लगाकर बिल्टी आदि चैक करने के बहाने ट्रक ड्राइवरों को रोकते और ट्रक लूट लेते है।
एसएसपी राजिंदर सिंह ने बताया कि गिरोह का सरगना गुलजार सिंह पहले ट्रक ड्राइवर था। इसके खिलाफ राजस्थान में कत्ल का और अबोहर में एनपीडीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इस दौरान जब आरोपियों से पूछा गया कि उन्होंने फगवाड़ा को ही क्यों चुना तो उन्होंने कहा कि फगवाड़ा में पुलिस की नाकाबंदी कम होती है। फगवाड़ा में फोर्स की कमी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है।