पंद्रह लाख रुपये के कर्ज तले दबे एक किसान ने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। किसान ने सड़क दुर्घटना में पांव टूट जाने के कारण कर्ज लिया था। यह घटना सोमवार को थाना मक्खू के अंतर्गत आते गांव शिले विंड में घटी।
मृतक किसान के रिश्तेदार गुरनाम सिंह ने बताया कि किसान अजीत सिंह (60) पुत्र सुंदर सिंह वासी गांव शिले विंड का कुछ समय पहले सड़क दुर्घटना में पांव टूट गया था। इलाज करवाने के लिए उसने पांच लाख रुपये का कर्ज लिया, लेकिन उसके बाद भी उसका पांव पूरी तरह ठीक नहीं हो सका।
अजीत ने इलाज के लिए बैंक से लिमिट बना ली। बैंक की धनराशि लौटने के लिए अजीत ने आठ एकड़ में से चार एकड़ जमीन भी बेच दी फिर भी कर्ज नहीं उतर पाया। बैंक के अधिकारी पैसे लेने के लिए घर पर चक्कर मार रहे थे, जिस कारण अजीत सिंह बहुत परेशान था। सोमवार को अजीत ने छत पर लगे पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।