सीआईए स्टाफ ने लूटपाट करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरोह के प्रमुख अमरजीत सिंह उर्फ कद्दू, चमकौर सिंह, जगदेव सिंह, जगजीत सिंह उर्फ जीता, जसपाल सिंह उर्फ जस्सा निवासी फूलेवाला और जगजीत सिंह उर्फ जग्गू के खिलाफ थाना मेहना में केस दर्ज किया है। यह गिरोह एनआरआई के गांवों में बंद पड़े घरों में से चोरी और डकैती करता था।
एसपी (आई) अमरजीत सिंह घुमन और डीएसपी (आई) सतपाल सिंह गिल ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि जिला पुलिस प्रमुख स्नेहदीप शर्मा के निर्देश के तहत सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर किक्कर सिंह ने गुप्त सूचना पर डकैती की योजना बना रहे 6 सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से एक 38 बोर रिवाल्वर देसी समेत 4 रौंद, 2 तलवारें और एक खंडा बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि यह गिरोह गांवों में बंद पड़े एनआरआई के घरों का पता लगाकर चोरी या डकैतियां करता था। उन्होंने बताया गिरोह प्रमुख अमरजीत सिंह के खिलाफ पहले ही थाना बाघापुराना में जाली करंसी मामले समेत 5 और एक केस थाना कोटकपूरा में दर्ज है और अदालत से जमानत पर बाहर आया है।
उन्होंने बताया कि इस गिरोह ने थाना अजीतवाल के अधीन गांव कोकरी फूला सिंह में एनआरआई सुखदेव सिंह को बंदी बनाकर उसकी स्विफ्ट कार के अलावा सोने के गहने, विदेशी और भारतीय करेंसी और बाघापुराना में सुनार की दुकान और गांव चोटिया ठोबा में डेरा लूटने, गांव समाध भाई में बैंक लूटने की वारदातें की थीं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों के पास से 200 पाउंड और उनकी निशानदेही पर एक टीवी, एलसीडी, एक इनवर्टर और 24 रौंद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा सीआईए स्टाफ में तैनात एएसआई कुलविंदर सिंह ने गांव कैला रोड धर्मकोट नाकाबंदी के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल समेत गुरदेव सिंघ उर्फ देबू को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
आरोपी की निशानदेही पर उसके पास से दो और कुल 3 मोटरसाइकिल चोरी की बरामद की गई हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना धर्मकोट में नशीले पदार्थों की तस्करी का केस दर्ज हैं। इस दौरान थाना सिटी साउथ प्रमुख दर्शन सिंह, एएसआई जसवंत सिंह भी मौजूद थे।