जालंधर में ससुर द्वारा बहू से छेड़छाड़ प्रकरण में मंगलवार को दर्दनाक मोड़ आ गया। ससुर ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। बहू ने पिछले दिनों ससुर की एक वीडियो वायरल की थी, जिसमें वह बहू के साथ शारीरिक छेड़छाड़ करता नजर आ रहा था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। आरोपी ससुर की अग्रिम जमानत याचिका अदालत में लगी हुई थी, जिस पर बुधवार को फैसला होना था।
अटारी बाजार की रहने युवती की शादी तेजमोहन नगर के रहने वाले युवक से हुई थी। युवती का कहना था कि उसका ससुर उससे जबरदस्ती करता था। उसको पता था कि उसकी बात पर कोई यकीन नहीं करेगा, इसलिए उसने वीडियो बना ली। पांच मई को बहू ने यह वीडियो वायरल कर दी, जिसके बाद आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया गया था।
आरोपी की तरफ से अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई गई थी। जमानत पर बुधवार की तारीख थी लेकिन मंगलवार को आरोपी ने डीएवी कालेज की रेलवे लाइनों पर ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली।