कॉलेज छात्राओं को कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं से बचाना एक छात्र को काफी भारी पड़ गया। बीजेपी नेताओं ने छात्र से मारपीट की। इसके बाद उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
इसके विरोध में डीएवी कॉलेज के विद्यार्थियों ने कॉलेज के बाहर भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। मामले के अनुसार डीएवी कॉलेज के बाहर सोमवार सुबह कुछ भाजपा नेताओं ने छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की।
इसका विरोध कर रहे छात्र शिवम से बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मारपीट कर दी। घायल छात्र शिवम के पिता हरिद्वारी लाल का कहना है कि डीएवी कॉलेज के बाहर कुछ युवक छात्राओं से छेड़छाड़ करते हैं।
इन युवकों का अगर कोई विरोध करता है तो उससे मारपीट की जाती है। वहीं घटना के बारे में प्रिंसिपल को भी बताया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
छात्र के पिता का कहना है कि मारपीट करने वाले युवक भाजपा स्पोर्ट्स सेल से जुड़े हैं। छात्राओं का कहना है कि यह युवक बीजेपी नेताओं की शह पर छेड़छाड़ करते हैं।
थाना-1 के एसएचओ बलबीर सिंह का कहना है कि यह बात उनके ध्यान में नहीं थी। अब वे जल्द ही डीएवी कॉलेज के बाहर पुलिस कर्मी तैनात करेंगे।
भाजपा स्पोर्ट्स सेल के पंजाब प्रधान सन्नी शर्मा ने कहा कि इनमें से कोई भी युवक स्पोर्ट्स सेल में नहीं है। यह सिर्फ उनके संगठन को बदनाम करने की कोशिश है।