मेरठ से शादी समारोह में शरीक होने आई महिला और उसकी बहन से बदमाशों ने नगदी और मोबाइल लूट लिया।
नुमाइश आरओबी के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार हापुड़ बस अड्डा मेरठ निवासी नरगिस पत्नी अब्दुल मलिक ने तहरीर में बताया कि रविवार सुबह वह बुलंदशहर में शादी समारोह में आई थी।
रविवार रात करीब 8.30 बजे वह नरसलघाट चौकी के पास से बहन इलमा और उसके बच्चों के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर क्लासिक होटल की ओर जा रही थी।
नुमाइश आरओबी के पास बाइक सवार दो युवकों ने रिक्शा रुकवा लिया। आरोपियों ने दोनों बहनों से बैग छीन लिया। एक बैग में पांच हजार रुपये, मोबाइल और जेवरात थे।
दूसरे बैग में मोबाइल, एटीएम कार्ड, 40 हजार रुपये और जेवरात थे। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।=