कपूरथला। सदर बाजार में घर का सामान लेने आए छात्र शिवम का कत्ल करने के आरोप में मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने सात लोगों पर कत्ल का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भगत सिंह चौक में लगे सीसीटीवी खंगालने के बाद मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है। अभी तक आरोपी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं।
डीएसपी सब डिवीजन हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि भगत सिंह चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया। उसमें तीन बाइक पर सवार सात युवकों की पहचान हो गई। डीएसपी गिल के अनुसार मुख्य आरोपी ने 2018 में शिवम के साथ लड़ाई को लेकर एक मामला दर्ज करवाया था। इसे लेकर दोनों के बीच रंजिश थी। शिवम धारा 307 में दर्ज इस मामले में जमानत पर बाहर था। डीएसपी के अनुसार सभी आरोपी घरों से फरार हैं।
यह है मामला
स्थानीय स्कूल में 12वीं कक्षा के 19 वर्षीय छात्र शिवम निवासी तोपखाना की शुक्रवार की रात करीब 9 बजे अपने घर से बाइक पर सामान लेने सदर बाजार आ रहा था। शहीद भगत सिंह चौक पर तीन बाइक सवार युवकों ने तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। राहगीरों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।