बभनान (गोंडा)। बभनान चीनी मिल में फिटर पद पर तैनात व श्रमिक नेता के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित के पुत्र की तहरीर पर छपिया पुलिस ने चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक, कर्मचारी नेता सहित चार लोगों के विरुद्ध अपहरण व धमकी देने की धारा में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन में जुट गई।
पीड़ित के पुत्र मनोज कुमार निवासी कुंडौली, लार रोड जिला देवरिया का आरोप है कि उसके पिता रविंद्र सिंह बभनान चीनी मिल में फिटर पद पर तैनात हैं व शुगर श्रमिक संघ के महामंत्री भी हैं। श्रमिकों की आवाज उठाने पर मिल प्रबंधन तंत्र द्वारा उन्हें सेवा मुक्त कर दिया गया था बाद में कोर्ट के हस्तक्षेप से चीनी मिल ने दोबारा उन्हें ज्वॉइन कराया। मजदूर नेता होने के कारण श्रमिकों की आवाज को उठाया करते थे। जिस पर मिल प्रबंधन द्वारा आए दिन धमकी दी जाती थी कि तुम बाहर से आए हो नेतागिरी नहीं अपनी नौकरी करो। 02 मई को उसके पिता ने उसकी बहन रीमा को फोन करके बताया कि चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक अजय दुबे, श्रमिक नेता करुणा शंकर सिंह व उनका भतीजा संजय सिंह ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि प्रबंध तंत्र से लड़ोगे तो उसका अंजाम बुरा होगा।
उसके बाद से ही उसके पिता घर से गायब हैं। पीड़ित के पुत्र का आरोप है कि उसे पूरा विश्वास है कि उपरोक्त लोगों ने ही उसके पिता का अपहरण किया है। प्रभारी निरीक्षक छपिया श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि मनोज कुमार सिंह की तहरीर पर चार के विरुद्ध धमकी व अपहरण का मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। मुख्य महाप्रबंधक अजय दूबे ने बताया कि पुलिस की जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा। रही बात अपहरण की तो यह बेबुनियाद है।