बस की बाइक से टक्कर में महिला की मौत
बाइक सवार युवक गंभीर घायल
अमर उजाला ब्यूरो
कोटकपूरा (फरीदकोट)।
स्थानीय नेशनल हाईवे पर बुधवार को न्यू दीप कंपनी की तेज रफ्तार बस ने एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर मौत हो गई। वहीं साथ में बाइक चलाने वाले युवक को गंभीर चोटें लगी। मृतका की पहचान गांव सिरसिडी निवासी जसविंदर कौर (65) के तौर पर हुई है।
जसविंदर अपने भतीजे गुरतेज सिंह के साथ उसकी बाइक पर सवार होकर गांव सरावां जा रही थी। जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर मान पैलेस वाले मौड़ के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही न्यू दीप कंपनी की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस वजह से वह दोनों सड़क पर गिर गए। काफर गंभीर चोटें लगने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके भतीजे गुरतेज सिंह को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। थाना सिटी प्रभारी एसआई खेमचंद पराशर ने बताया कि पुलिस ने मृतका के बेटे लखबीर सिंह के बयान पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जांच का काम एएसआई गुरजंट सिंह को सौंपा गया है।