विजिलेंस टीम ने पटवारी और उसके कारिंदे को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पटवारी प्रेम निवासी कठियाली गेट (बटाला) और कर्मजीत निवासी शंकर नगर बटाला के रूप में हुई है।
विजिलेंस विभाग डीएसपी तेजिंदर सिंह ने बताया कि उनको पीड़ित जोगिंद्र सिंह पुत्र सुजान सिंह निवासी शांतिनगर बटाला ने बताया कि उन्होंने अपने पिता के नाम से अपने नाम पर किसी जगह की रजिस्ट्री करवानी थी और उसकी फर्द पटवारी से लेनी थी। उक्त काम के एवज में पटवारी 10 हजार रुपये मांग रहा था। सौदा सात हजार रुपये में तय हुआ। छह हजार रुपये वह पहले ही दे चुका था जबकि एक हजार रुपये देने के लिए बटाला तहसील में आरोपी पटवारी की बताई हुई जगह पर गया। जाने से पहले उसने विजिलेंस को सूचित कर दिया। जोगिंदर सिंह ने जो नोट पटवारी को देने थे उन नोट के नंबर उसने बता दिए। जैसे ही जोगिंदर सिंह ने उनको पैसे दिए विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों आरोपी पटवारी और उसके कारिंदे को काबू कर लिया। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।