125 पुलिस कर्मियों ने खंगाली जेल, हाथ खाली
कपूरथला। खोदा पहाड़, निकली चुहिया वाली कहावत माडर्न जेल कपूरथला में उस समय चरितार्थ हुई, जब एसपी, डीएसपी, एसएचओ समेत 125 के करीब पुलिस कर्मियों ने ढाई घंटे कारागार का कोना-कोना खंगाला और वहां से एक सुई तक नहीं मिली। इससे साफ है कि कजेल प्रशासन को सर्च आपरेशन की भनक लग गई, जिसके बाद प्रतिबंधित वस्तुओं को पहले ही ठिकाने लगा दिया गया। हालांकि इस बारे में कोई भी अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
एसपी जांच सतनाम सिंह बैंस, डीएसपी जांच मनप्रीत सिंह ढिल्लों, डीएसपी मुख्यालय राजिंदर कुमार, चार थानों के एसएचओ समेत करीब 125 पुलिस कर्मियों ने करीब दोपहर 12 बजे माडर्न जेल में दबिश देकर अलग-अलग कोने में सर्च आपरेशन चलाया। सबसे पहले गैंगस्टर हाई सिक्योरिटी जोन, पुरुष बैरकों, महिला वार्ड, लंगर हाल समेत जेल के हर एरिया को अच्छे ढंग से खंगाला गया। एसपी जांच सतनाम सिंह ने बताया कि जेल से कुछ भी प्रतिबंधित नहीं मिला हैवहीं एसपी जेल एसपी खन्ना ने भी कुछ भी न मिलने की पुष्टि की है। इसके अलावा उन्होंने कुछ भी कहने से साफ इंकार कर दिया।