कार से उड़ाया नकदी और गहनाें से भरा बैग
कपूरथला में चौक जलौखाना के पास वारदात, आरोपी सीसीटीवी में कैद
कपूरथला।
चौक जलौखाना में एक युवक ने कार में रखा बैग उड़ा लिया। बैग में सोना और नकदी था। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सचिन वर्मा उर्फ विक्की निवासी बाबा दीप सिंह नगर कपूरथला समीपवर्ती गांव टिब्बा में सुनार का काम करता है। रविवार सुबह 11 बजे वह अपनी गाड़ी से जलौखाना चौक आया। उसके पास सोने के जेवर और नकदी से भरा बैग भी था। उसने अभी कार खड़ी ही की थी कि अचानक उसके पास एक युवक आया और कहने लगा कि उसकी कार की टंकी से डीजल लीक कर रहा है। सचिन ने बोनट खोलकर कार की जांच की तो उसे ऐसा कुछ भी दिखाई नहीं दिया। जब वह बोनट बंद करके कार में रखा बैग लेने गए तो गहनों और नकदी से भरा बैग गायब था। इस घटना की सूचना थाना सिटी पुलिस को दी गई।
विक्की ने बताया कि बाद में उनको फव्वारा चौक से किसी व्यक्ति का फोन आया कि एक बैग नेशनल शू जोन के सामने बन रही मार्केट में पड़ा है। जब उन्होंने वहां पहुंचकर देखा तो उनका बैग खाली था। उसमें रखा सामान गायब था। थाना सिटी की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।