सीआईए स्टाफ का सब-इंस्पेक्टर दस हजार रिश्वत लेते काबू
बाइक छोड़ने की एवज में ले रहा था रिश्वत, सब-इंस्पेक्टर के पास से पकड़ा गया नशीला पदार्थ
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। विजिलेंस टीम ने बाइक छोड़ने की एवज में दस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए सीआईए स्टाफ के सब-इंस्पेक्टर ओम प्रकाश हांडा को रंगे हाथ काबू किया है। बताया जा रहा है कि सब-इंस्पेक्टर के पास से कोई नशीला पदार्थ भी टीम को मिला है।
विजिलेंस विभाग के डीएसपी मक्खन सिंह ने बताया कि पाला सिंह पुत्र प्रीतम सिंह वासी बस्ती अमरीक सिंह ने विजिलेंस को शिकायत दी कि सीआईए स्टाफ का सब-इंस्पेक्टर ओम प्रकाश हांडा उसकी बाइक छोड़ने की एवज में उससे 15 हजार रुपये की मांग कर रहा है। जबकि सौदा दस हजार में तय हुआ है। पाला सिंह छावनी स्थित बाबा शेरशहावाली चौक पर दस हजार रुपये रिश्वत ओम प्रकाश हांडा को दे रहा था कि टीम ने हांडा को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ काबू कर लिया। हांडा महिंदर बुलेरो पर बैठा था। बुलेरो की आरसी किसी सुखविंदर सिंह पुत्र पूर्ण सिंह वासी दोना रहिमेके जिला फिरोजपुर के नाम पर है। टीम ने हांडा को शैडो गवाह मुख्तियार सिंह, सरकारी गवाह रजनीश कुमार जेई पीएसपीसीएल तथा लखवीर सिंह खेतीबाड़ी अधिकारी की मौजूदगी में काबू किया। तलाशी दौरान टीम को हांडा के पास से नशीला पदार्थ भी मिला है। जिसकी जानकारी थाना कैंट पुलिस को दे दी गई है।
फोटो संख्या-24एफजेडआरपी01
कैप्शन--फिरोजपुर में विजिलेंस टीम आरोपी सब-इंस्पेक्टर ओम प्रकाश हांडा को काबू करके ले जाती हुई।