शोरूम में घुसकर लुटेरों ने 50 हजार लुटे
पिस्तौल दिखाकर दिया वारदात को अंजाम, डेढ़ माह में लूटपाट की दूसरी घटना
वारदात के समय शोरूम में ग्राहक भी थे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
जीरा (फिरोजपुर)। बस स्टैंड के पास स्थित रेडीमेड कपड़ो के शोरूम में दो नकाबपोश लुटेरों ने पिस्तौल दिखाकर 50 हजार रुपये लूट लिए। उस समय शोरूम में ग्राहक कपड़ों की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। वारदात की सूचना मिलते ही जीरा के कांग्रेसी विधायक कुलबीर सिंह व डीएसपी नरेंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे घटी। उल्लेखनीय है कि इस प्रकार की जीरा में डेढ़ माह के भीतर दूसरी घटना है।
शोरूम के मालिक अमन कुमार पुत्र तरसेम लाल वासी जोहल नगर जीरा ने बताया कि वह रात के समय शोरूम में काउंटर पर बैठे थे। ग्राहक शोरूम में कपड़ों की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। रात आठ बजे के करीब एक बाइक पर दो नकाबपोश लुटेरे आए और शोरूम में घुस गए। लुटेरों ने पिस्तौल निकालकर उनपर तान दी। उसके बाद एक लुटेरे ने प्लास्टिक के बैग में गल्ले से नकदी निकालकर भर ली। यही नहीं लुटेरों ने उनकी जेब में रखे पैसे भी निकाल लिए। जब उनके मुलाजिम लुटेरों को पकड़ने का प्रयास करने लगे तो लुटेरों ने धमकी दी कि गोली चला देंगे। ग्राहक भी चुपचाप वहीं पर खड़े रहे जहां पर कपड़े देख रहे थे। अमन ने बताया कि लुटेरे 50 हजार की नकदी लूटकर ले गए।
उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ माह पहले भी बस स्टैंड के नजदीक एक दुकानदार से रात के समय लुटेरे पिस्तौल के बल पर लगभग डेढ़ लाख रुपये लूट कर ले गए थे। पुलिस उक्त लुटेरों का सुराग नहीं लगा पाई थी।
फोटो संख्या-11एफजेडआरपी04
कैप्शन--जीरा (फिरोजपुर) में पीड़ित दुकानदार पत्रकारों को जानकारी देते हुए।