अबोहर। श्री गंगानगर रोड स्थित गांव गिदडांवाली के पास शुक्रवार रात दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
गांव सैदांवाली निवासी करीब 40 वर्षीय बलवंत गांव पन्नीवाला में अपना मेडिकल स्टोर बंद करके रात करीब 10 बजे अपने घर जा रहा था। गांव गिदड़ांवाली के निकट सामने से आ रहे एक अन्य बाइक से उसकी टक्कर हो गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार श्रीगंगानगर जिले के गांव मोहनपुरा निवासी पवन कमारने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। पवन कुमार अपनी मां को अबोहर की दयाल नगरी छोड़कर अपने दोस्त रवि के साथ वापस अपने गांव जा रहे थे। हादसे में रवि कुमार घायल हो गया।
थाना प्रभारी सुनील कुमार ने दिखाई तत्परता
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना खुईयां सरवर के प्रभारी सुनील कुमार ने जब घायल रवि कुमार बुरी तरह से तड़फते देखा तो उसे लेकर खुद सरकारी अस्पताल पहुंच गए। इतना ही नहीं जब डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर होने पर उसे रैेफर कर दिया तो थाना प्रभारी व नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य सोनू ग्रोवर ने अपनी तरफ से करीब 3 हजार का आर्थिक सहयोग किया। सात ही रवि कुमार को बठिंडा के लिए रेफर करवाया।