अबोहर। शहर के सदर बाजार स्थित कपड़ों के शोरूम संचालक से भुल्लर नामक व्यक्ति ने फोन करके पांच लाख रुपये की चौथ मांगी है। मामले की सूचना मिलते ही थाना नंबर 1 की पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में खरैती दी हट्टी के संचालक विशाल खुराना ने बताया कि 5 जून को सांय उसे लैंडलाइन नंबर से एक व्यक्ति ने फोन पर अपने आप को भुल्लर बताते हुए उनसे 5 लाख रूपये की चौथ मांगी। आरोपी ने जम्मूबस्ती के निकट स्थित गैस गोदाम के पास पहुंचाने के बारे कहते हुए धमकी दी कि उसने इस बारे में पुलिस को सूचित किया तो उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। पुलिस ने विशाल खुराना के बयान पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।