मलयेशिया भेजने के नाम पर 2.77 लाख ठगे
एनआरआई नामजद, नडाला निवासी दो युवकों से की धोखाधड़ी
कपूरथला।
दो युवकों को मलयेशिया भेजने के नाम पर 2.77 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। थाना सुभानपुर की पुलिस ने इस मामले में मलयेशिया निवासी एनआरआई पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी कपूरथला संदीप कुमार शर्मा को दी शिकायत में महिंदर सिंह निवासी नडाला ने बताया कि उसने अपने बेटे अमनदीप सिंह और उसके दोस्त गुरचरण सिंह को मलयेशिया भेजने के लिए ट्रेवल एजेंट संदीप सिंह निवासी माधोपुरी, बिजनौर उत्तरप्रदेश हाल निवासी मलयेशिया को अलग-अलग तिथियों में 2.77 लाख रुपये दिए। संदीप सिंह ने पहले तो अमनदीप और गुरचरण के वीजे लगवाकर थाईलैंड भेज दिया। थाईलैंड एयरपोर्ट पहुंचने पर इमिग्रेशन वालों ने उन्हें वापस भारत भेज दिया। इसके बाद जब संदीप से फोन पर बात की तो उसने दोबारा वीजा लगवाने की बात कही और दोनों को अपने किसी आदमी के पास चेन्नई भिजवा दिया। वहां पर संदीप सिंह के परिचित व्यक्ति ने वीजे लगवाकर कोच्चि एयरपोर्ट पर जाने के लिए कहा। जब वह एयरपोर्ट पर पहुंचे तो पासपोर्ट और वीजा फर्जी पाए गए। इसके बाद उन्हें फिर वापस लौटना पड़ा। बाद में संदीप सिंह से फोन पर बात की तो वह झगड़ा करने लगा पड़ा। उसने न तो दोनों युवकों को विदेश भेजा और न ही पैसे लौटाए। एसएसपी ने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग इंचार्ज को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने जांच में आरोपी सही पाए जाने के बाद डीए लीगल की सलाह के बाद केस दर्ज करके की संस्तुति की। थाना सुभानपुर में आरोपी ट्रेवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज लिया गया है।