हिंदूमलकोट सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन गिराने की चर्चा
अलसुबह फायरिंग से दहशत में आए ग्रामीण, बीएसएफ ने नहीं की पुष्टि
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। हिंदूमलकोट अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शनिवार अल सुबह फायरिंग से दहशत फैल गई। इसके बाद पाकिस्तानी ड्रोन को गिराने की चर्चा ने क्षेत्र में जोर पकड़ लिया। हालांकि इस संबंध में सीमा सुरक्षा बल ने कोई अधिकृत बयान नहीं दिया है। वहीं दूसरी तरफ एक चर्चा यह भी होती रही कि फायरिंग के बाद ड्रोन पाकिस्तान की तरफ लौट गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब पांच बजे भारतीय सीमा में राडार की निगरानी में पाकिस्तानी ड्रोन आया। यह घटना कोनी गंाव के निकट की है। भारतीय सीमा में ड्रोन के घुसने पर बीएसएफ जवानों ने फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुन कर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। अल सुबह भारतीय सीमा में ड्रोन के घुसने और मारे जाने की सूचना मिलने पर सेना के उच्चाधिकारी सुबह ही बॉर्डर पर पहुंच गए। हिंदूमलकोट पुलिस थाना प्रभारी मजीद खान ने भी मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने बॉर्डर पर स्थित हैलीपेड का जायजा लिया। हालांकि सैन्य अधिकारियों ने बॉर्डर पर पहुंचे पत्रकारों को कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया।
कुछ सूत्रों के मुताबिक सीमा सुरक्षा बल ने हिंदूमलकोट बॉर्डर एरिया में पाकिस्तानी ड्रोन के भारतीय सीमा में प्रवेश करने की पुष्टि के साथ ही दावा किया है कि जवानों ने फायरिंग की, तो ड्रोन पाकिस्तान लौट गया। खबरों के मुताबिक बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी ड्रोन ने सुबह करीब 5.40 बजे अंतरराष्ट्रीय सीमा से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश की लेकिन जैसे ही जवानों ने ड्रोन पर फायरिंग शुरू की तो वह पाकिस्तान की ओर लौट गया।
इस समाचार की फोटो एबीआर 2 भेजी जा रही है। लेकिन यह फोटो इंटरनेट से ली गई है अगर उचित हो तो ही प्रकाशित की जाए।