अबोहर में लिखे अलगाववादी नारे
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिये जांच जारी
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। पुलवामा हमले के बाद एक ओर जहां भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति बनी है, वहीं बुधवार को शहर के श्रीगंगानगर रोड पर कुछ लोगों ने करीब आधा दर्जन स्थानों पर अलगाववादी व रैफ्रेंडम 2020 के नारे लिख कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लेकर इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को दी। पुलिस अधिकारियों ने इन स्थानों के आसपास लोगों से पूछताछ की व सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अज्ञात लोगों ने श्रीगंगानगर रोड स्थित फोकल प्वाइंट, रिद्धि-सिद्धि कालोनी की चारदीवारी अन्य खंडहर दीवारों तथा बड़े होर्डिंग व दिशा सूचक पत्थरों पर काले रंग से खालिस्तान संबंधी नारे लिख दिए। किसी राहगीर की ओर से मामले की सूचना पुलिस को मिलते ही सिटी-2 के प्रभारी परविंदर सिंह थाना सदर प्रभारी संजीव सेतिया अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से ऐसी देश विरोधी ताकतों से सचेत रहकर इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की।
इस समाचार की फोटो एबीआर 1 और 2 भेजी जा रही है।