तलवाड़ा/दसूहा (होशियारपुर)। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी में कोई नैतिकता नहीं है। उन्होंने लुधियाना सिटी सेंटर घोटाले से अपने भाई मनमोहन सिंह का नाम निकालने के लिए शिअद-भाजपा सरकार के कार्यकाल में मुझसे संपर्क किया था। बसपा-शिअद के संयुक्त उम्मीदवार सुशील कुमार ‘पिंकी’ शर्मा के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सुखबीर ने कहा कि चन्नी ने अपने भाई को लुधियाना सिटी सेंटर घोटाले से बचाने के लिए मुझसे विनती की थी और स्वतंत्र विधायक के तौर पर शिअद को अपना समर्थन दिया था।
मुख्यमंत्री को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए सुखबीर ने कहा कि परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए भ्रष्ट आचरण का आरोप लगने के बाद आपको नैतिकता का प्रचार करना या भ्रष्टाचार पर बोलना शोभा नहीं देता। उन्होंने सवाल दागा कि वह रेत कहां हैं जो लोगों को 5.50 रुपये प्रति घन फुट पर मिलनी चाहिए थी? जबकि सच्चाई यह है कि मुख्यमंत्री खरड़-रोपड़ बेल्ट में अवैध रेत खनन कार्यों को नियंत्रित करते हैं। सिर्फ इतना ही नहीं, चन्नी राज्य के सबसे बड़े अवैध कॉलोनाइजर भी हैं।
बादल परिवार की परिवहन कंपनी से 14 करोड़ रुपये वसूलने के परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के दावे पर सुखबीर बोले, यह सरासर झूठ है। मैं राजा वड़िंग को इस संबंधी रसीद दिखाने के लिए चुनौती देता हूं। 14 करोड़ तो भूल जाइए, मैं चुनौती देता हूं कि वे 10 करोड़ रुपये या 5 करोड़ रुपये की रसीद दिखाएं जो हमारे परिवार के स्वामित्व वाली किसी भी परिवहन कंपनी से वसूल की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिअद-बसपा सरकार बनने के बाद कंडी क्षेत्र विकास का एक अलग मंत्रालय बनाया जाएगा तथा अगली सरकार कंडी बेल्ट में उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष नीति लेकर आएगी।