जालंधर। पंजाब के मुख्यमंत्री रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद से अब अपने हक के लिए प्रदर्शन करने वाले मुलाजिमों को भी अपनी रणनीति बदलनी पड़ रही है। अपनी मांगों को लेकर 24 सितंबर को पटियाला में रैली निकालने वाली आंगनबाड़ी मुलाजिमों ने अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। अब इस प्रदर्शन को ब्लाक स्तर पर करने का फैसला किया गया है।
इस प्रदर्शन के संबंध में आंगनबाड़ी मुलाजिम यूनियन पंजाब ने सोमवार को देश भगत यादगार हाल में मीटिंग की। इसमें जालंधर के अलावा कपूरथला, तरनतारन, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, मोगा, फिरोजपुर, पठानकोट, फरीदकोट जिलों के वर्करों ने हिस्सा लिया। मीटिंग में महासचिव सुभाष रानी ने कहा कि मुख्यमंत्री बदलने की वजह से प्रोग्राम में बदलाव किया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से एक अक्तूबर 2018 से भत्ता बढ़ाया गया था, तभी से 40 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ बकाया जारी किया जाए। हरियाणा पैटर्न पर आंगनबाड़ी केंद्रों में बिल्डिंग, पीने का पानी, शौचालय, फर्नीचर आदि का प्रबंध करवाया जाए। टीए, डीए 20 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये किया जाए, मोबाइल भत्ता भी दिया जाए।