अगस्त माह में लावारिस हालत में मिली एक बुजुर्ग महिला की मौत के मामले में थाना सिटी पुलिस ने मृतक महिला के छोटे बेटे और केयर टेकर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार 14 अगस्त को बूड़ा गुज्जर रोड पर एक बुजुर्ग महिला लावारिस हालत में मिली थी। महिला को समाज सेवी संस्था सालासर सेवा सोसाइटी के सदस्यों ने पुलिस की मदद से सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल कराया था। महिला के सिर में कीड़े पड़ चुके थे। इलाज के लिए बुजुर्ग को फरीदकोट रेफर किया गया था, लेकिन बाद में महिला की मौत हो गई। छानबीन में पता चला था कि महिला का बड़ा पुत्र राजविंदर सिंह राजा शिअद (डी) का लीडर था। उसे इस घटना के बाद पार्टी अध्यक्ष सुखदेव ढींढसा ने पार्टी से निकाल दिया था। वहीं दूसरा छोटा बेटा बलविंदर सिंह आबकारी विभाग में क्लर्क है। मामला चर्चा में आने के बाद मामले में महिला आयोग ने जांच के आदेश दिए थे। जिसके बाद डीसी एमके अरविंद कुमार की तरफ से जांच रिपोर्ट महिला आयोग को भेजी गई। इस रिपोर्ट के आधार पर जिला पुलिस मुखी को भी कार्रवाई के लिए लिखा गया। इसके बाद थाना सिटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग महिला के छोटे बेटे बलविंदर सिंह और केयर टेकर राजेश कुमार दाबड़ा के खिलाफ विभिन्न धाराओं तहत मामला दर्ज किया है। मामले में अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।