फिरोजपुर। गांव नूरपुर सेठां में ससुराल पक्ष के लोगों ने बहू के घर में पथराव कर गोलियां दागीं, इस वारदात में गोली लगने से दो लोग जख्मी हो गए। घायलों को फिरोजपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उधर, थाना कुलगढ़ी पुलिस ने वीरवार को पांच लोगों को नामजद कर पंद्रह के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की है। सभी आरोपी फरार हैं।
पीड़ित हरीश कुमार वासी नूरपुर सेठां ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि चाचा विजय कुमार की बेटी नेंसी रानी की शादी उसके ताया की बेटी ऊषा ने अपने जेठ के बेटे गुरविंदर सिंह के साथ करवाई थी। गुरविंदर अक्सर नेंसी को तंग करता था। जबकि ऊषा अपने जेठ के बेटे गुरविंदर को समझाने के बजाय उलटा नेंसी को परेशान करती थी। नेंसी को शक था कि ऊषा के अवैध संबंध गुरविंदर के संग है। उसे सूचना मिली कि गुरविंदर ने नेंसी को बुरी तरह पीटकर जख्मी किया है। हरीश ने बताया कि अपने चाचा और रिश्तेदार के साथ नेंसी के ससुराल गए।
वहां नेंसी को काफी चोट लगने के कारण उसे फिरोजपुर सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। उसने बताया कि रात के समय नेंसी को अस्पताल में दाखिल करवाने के बाद वह गांव नूरपुर सेठां चले गए और वहीं सो गए। सुबह जब नाश्ता कर रहे थे तो आरोपियों ने उनके घर पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने घर में पथराव करने के अलावा गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जिसमें हरीश समेत दो लोगों को गोली लगी। दोनों को फिरोजपुर के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। यही नहीं आरोपियों ने स्कारपियों गाड़ी से टक्कर मारकर भी कई लोगों को जख्मी किया है।
उधर, जांच कर रहे एएसआई विनोद कुमार के मुताबिक इस मामले में दो लोगों को गोली लगी है। कुछ स्कारपियो गाड़ी से टकराने के कारण भी जख्मी हुए हैं। पुलिस ने हरीश के बयान पर आरोपी राजेश कुमार, विनोद कुमार वासी नूरपुर सेठां, गुरप्रीत सिंह, सिमरन, जश्न सोढ़ी वासी लालचियां समेत पंद्रह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।