होशियारपुर। पिछले माह अपहरण के एक मामले में अदालती आदेश के बाद कोटा पुलिस द्वारा नामजद किए गए होशियारपुर सीआईए स्टाफ के एएसआई की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। ग्राम तगड़ निवासी एएसआई गुरनाम सिंह को वीरवार देर रात गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लाया गया था जहां बाद में उनकी मौत हो गई। अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हालांकि इस बारे में थाना बुल्लोवाल के एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि गुरनाम सिंह की मौत कोई गलत दवा निगलने से हुई है। पुलिस ने इस संबंध में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। गौरतलब है कि गत माह राजस्थान में कोटा पुलिस ने अदालती आदेशों के बाद होशियारपुर जिले के 10 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कोटा से एक युवक का कथित अपहरण कर उसे होशियारपुर लाकर अफीम तस्करी के मामले में आरोपी बनाए जाने को लेकर मामला दर्ज किया था। उक्त मामले में गुरनाम सिंह भी आरोपी था।