फरीदकोट। पंजाबी गायक व कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के तार जेलों में बंद गैंगस्टरों के साथ जुड़ने के बाद पंजाब सरकार भले ही सख्ती दिखा रही है, लेकिन फरीदकोट जेल में बंद कैदी व हवालाती चुनौती बने हुए हैं। दो दिन पहले ही राज्य के जेल मंत्री हरजोत बैंस ने फरीदकोट जेल का जायजा लेकर जेल प्रशासन को दिशा निर्देश भी दिए थे, लेकिन हालात जस के तस हैं। जेल प्रशासन के सर्च अभियान के दौरान विभिन्न बैरकों से एक बार फिर 8 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, इस संबंध में जेल प्रशासन ने 5 हवालातियों व 3 कैदियों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है।
पुलिस को भेजी शिकायत में जेल के सहायक अधीक्षक जसकिंदर सिंह ने बताया कि सहायक अधीक्षक चमन लाल की निगरानी में जेल गारद की तरफ से विभिन्न बैरकों की तलाशी ली गई तो हवालाती मोगा के भगवान सिंह, फरीदकोट निवासी रिशु मोकल उर्फ रिशव, तरनतारन के सुखविंदर सिंह सिक्की, फरीदकोट के इंद्रवीर सिंह व बठिंडा के जसविंदर सिंह के अलावा कैदी मोगा के भूपिंदर सिंह भिंदी, लुधियाना के हरजोत सिंह व मोगा के लखविंदर सिंह लक्खा से 1-1 मोबाइल फोन बरामद किया गया।
डीएसपी लखवीर सिंह ने बताया कि जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इन सभी हवालातियों व कैदियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, जिन्हें जल्द ही प्रोडक्शन वारंट के आधार लाकर रिमांड पर लिया जाएगा और जानकारी जुटाई जाएगी कि आखिरकार उनके पास मोबाइल फोन कैसे पहुंचा। मालूम हो कि दो दिन पहले ही जेल मंत्री हरजोत बैंस ने फरीदकोट जेल का जायजा लिया था और जेल प्रशासन समेत जिला पुलिस को जेल के अंदर व बाहर सुरक्षा बढ़ाने की हिदायतें दी थी, लेकिन इसके बावजूद मोबाइल फोन मिलने का सिलसिला जारी है। हालांकि पुलिस का दावा है कि सख्ती के चलते ही मोबाइल फोन बरामद हो रहे हैं और आने वाले दिनों में सरकार की हिदायत के मुताबिक जेल को मोबाइल फोन से मुक्त कर दिया जाएगा।