फाजिल्का पुलिस और बीएसएफ के संयुक्त अभियान के तहत मिली सफलता, ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिल्का। वरिष्ठ पुलिस कप्तान फाजिल्का डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में फाजिल्का पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीएसएफ के साथ संयुक्त सर्च अभियान के तहत 520 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
कंपनी कमांडर बीएसएफ 52 बटालियन बीओपी जोधावाला ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी कि बीएसएफ यूनिट *जी* गांव गहलेवाला (मांघ वाली ढाणी) के ड्यूटी पर तैनात एक जवान के पास के खेतों में हेरोइन का एक पैकेट और एक ड्रोन होने का संदेह है। इस पर जलालाबाद के पुलिस उप कप्तान अछरू राम तथा पुलिस थाना सदर जलालाबाद के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर बलबीर सिंह की देखरेख में पुलिस पार्टी द्वारा बीएसएफ के जवानों के साथ गांव गहलेवाला तथा मांघ में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान खेत से एक ड्रोन (डीजेआई मेविक क्लासिक (3) और हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया गया। पुलिस पार्टी ने बरामद पैकेट और ड्रोन को कब्जे में लेकर उसका वजन किया, जो 520 ग्राम था। बरामद हेरोइन बलदेव सिंह, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी दोनों निवासी जोधा भैणी, कुलविंदर सिंह उर्फ गिंदी निवासी हजारा राम सिंह वाला, गुरमेल सिंह द्वारा मंगवाई गई प्रतीत होती है, इसलिए उनके विरुद्ध थाना सदर जलालाबाद में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट, एयरक्राफ्ट एक्ट पंजीकृत कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आने वाले समय में भी सीमा क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।