अस्पताल में भर्ती घायल गैंगस्टर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
बठिंडा केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर राजवीर सिंह निवासी गुरदासपुर पर शुक्रवार को बैरक में उसके साथियों ने हमला कर घायल कर लिया। राजवीर के सिर पर चोटें लगने कारण उसे जेल कर्मी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पर उसका उपचार चल रहा है। घायल गैंगस्टर विदेश में बैठे आतंकी हरविंदर रिंदा का चचेरा भाई बताया जा रहा है।
सिविल अस्पताल में उपचार करवाने के लिए जेल कर्मियों द्वारा लाए गए गैंगस्टर राजवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वह अपनी बैरक में अपने साथी शुभम, गुरमुख सिंह और जगरोशन सिंह के साथ बैठा था। किसी बात को लेकर उन चारों की बहस हो गई। उसने बताया कि इसी दौरान शुभम, गुरमख और जगरोशन सिंह ने उस पर किसी वस्तु से हमला करते हुए सिर पर वार कर दिया। जिससे उसके सिर पर चोटें आई। घायल गैंगस्टर का उपचार कर रहे सिविल अस्पताल के डाक्टर का कहना था कि उन्होंने घायल को लगी चोट के बारे में एमएलआर काट कर संबंधित पुलिस थाने को भेज दी है।
विदेश में बैठे आतंकी रिंदा का चचेरा भाई है घायल
सूत्रों के अनुसार, घायल गैंगस्टर राजवीर सिंह विदेश में बैठे गैंगस्टर रिंदा का चचेरा भाई है। जेल से बाहर रहते हुए राजवीर लगातार रिंदा के संपर्क में रहता रहा है। राजवीर पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बता दें कि गुरदासपुर निवासी गैंगस्टर राजवीर उस समय सुर्खियों में आया था जब उसने जेल प्रशासन पर मारपीट कर बाल काटने के आरोप लगाए थे।