बठिंडा शहरी सीट से अकाली दल की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला ने बुधवार को पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि पूर्व मुख्य मंत्री प्रकाश सिंह बादल परिवार के नजदीकियों ने विस चुनाव में मनप्रीत की सहायता की है। जिस के उनके पास सबूत है। सिंगला ने मीडिया के सामने कुछ शिअद नेताओं की फोटोओं को पेश किया जो चुनाव के समय मनप्रीत की सहायता करने शहर में पहुंचे हुए थे।
पूर्व विधायक सिंगला ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि बादल परिवार एकजुट है और वो प्रदेश के लोगों को मूर्ख बनाने के लिए आपस में न बनने का दिखावा करते आ रहे है। उन्होंने कहा कि बडे बादल के नजदीकी शिअद नेता तेजिंदर सिंह मिडूखेडा, गुरशरन सिंह और सांसद हरसिमरत कौर बादल के पीए अनमोल, एसजीपीसी सदस्य नवतेज काऊनी ने बठिंडा शहर में आकर शिअद प्रत्याशी की सहायता करने की बजाय मनप्रीत बादल की सहायता की। उक्त सभी नेताओं ने बादल परिवार के कहने पर ही सबकुछ किया और बादल परिवार ने बठिंडा शहरी में अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी की पीठ में छुरा घोंपा है। सिंगला ने कहा कि वो बादल परिवार की इस मिलीभगत से दुखी होकर अब शिअद के सभी पदों से अपना इस्तीफा दे रहे हैं।
इस मौके सिंगला के साथ मौजूद उनके साथियों ने शिअद शहरी कार्यालय में लगे पोस्टरों को उतार दिया और सिंगला के साथ डटकर खड़े होने का एलान किया। सिंगला ने कहा कि वह आने वाले समय में राजनीतिक तौर पर पहले की तरह सरगर्म रहेगें और लोगों की हर संभव सहायता करेगें। सिंगला ने मीडिया के सामने किसी भी पार्टी में शामिल होने की बात से इनकार कर दिया। जबकि सूत्रों ने बताया कि अगामी दिनों में पूर्व विधायक सरूप चंद सिंगला मौजूदा समय में भाजपा में शामिल होगें। इस के लिए उन्होंने पूरी तरह प्लानिंग कर ली है।