पुलिस ने भाजपा माइनोरिटी मोर्चा के पूर्व जिला प्रधान पतरस सोनी और उसके मामा के खिलाफ पुलिस में नौकरी दिलवाने व सिक्योरिटी गार्ड लगाने का झांसा देकर नौजवानों से आठ लाख रुपये की ठगी मारने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
खास बात यह है कि अब तक फिरोजपुर जिले में प्रदेश भाजपा प्रधान कमल शर्मा की ओर से विभिन्न पदों पर नियुक्त सात भाजपा नेताओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई चल रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत मेजर सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी गांव वडिंग जिला तरनतारन ने शिकायत दी थी कि उसके बेटे रणजीत सिंह को पंजाब पुलिस में भर्ती करवाने के नाम पर पतरस सोनी निवासी हाक्के वाला व उसके मामा भोला भट्टी निवासी बंडाला जिला अमृतसर ने 8 लाख रुपये लिए थे।
यही नहीं डीजीपी पंजाब के हस्ताक्षर किया हुआ नियुक्ति पत्र देने के अलावा वर्दी व अन्य सामान भी दिया था। काफी समय बीतने पर रणजीत को नौकरी नहीं मिली तो पतरस से पैसे वापस मांगें तो आनाकानी करने लगा। उसके बाद पुलिस को शिकायत दी। जांच-पड़ताल में सच्चाई सामने आने के बाद पतरस सोनी और उसके मामा भोला के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
डीएसपी विभोर शर्मा ने बताया कि पतरस ने सिर्फ एक नहीं बल्कि 6-7 लोगों से ठगी मारी है। ठगे गए लोगों में मेजर सिंह, रणजीत सिंह, रघुबीर सिंह व लाल सिंह निवासी गांव बंडाला, विजय कुमार निवासी निजामुद्दीन वाला मक्खू, मुख्तियार सिंह निवासी गांव हाक्के वाला, जगदीश सिंह निवासी आल्ले वाला, राजकुमार निवासी मक्खू शामिल हैं।