थाना सादिक के गांव मुमारा में पार्टी का प्रचार करते समय शिअद नेता व विमुक्त जाति भलाई बोर्ड पंजाब के वाइस चेयरमैन गुरजंट सिंह चन्नियां के साथ दुर्व्यवहार व धक्कामुक्की होने का मामला सामने आया है।
इस खींचतान के दौरान शिअद नेता की पगड़ी तक उतर गई और गाली गलौच करते हुए उनकी दाढ़ी को भी नोचा गया। इस मामले में सादिक पुलिस ने गांव मुमारा की पंचायत के एक सदस्य समेत तीन लोगों को नामजद किया है।
पुलिस को दिए बयान में शिअद नेता गुरजंट सिंह चनिन्यां ने बताया कि पार्टी की सिफारिश पर राज्य सरकार ने उन्हें हाल ही में विमुक्त जाति भलाई बोर्ड पंजाब का वाइस चेयरमैन बनाया है।
वह गांव-गांव जाकर विमुक्त जातियों समेत अन्य वर्ग के लोगों को पार्टी की नीतियों व सरकार की लोक भलाई स्कीमों की जानकारी दे रहे हैं।
वह पार्टी प्रचार के लिए गांव मुमारा में गए थे। वहां पर गांव मुमारा के ही पंच पूर्ण सिंह, नंबरदार सुखप्रीत सिंह व जसकरण सिंह ने उनके साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया।
विरोध जताने के बावजूद आरोपियों ने गाली गलौच व धक्कामुक्की करते हुए उनकी पगड़ी उतार दी और दाढ़ी नोचते हुए उनकी जेब से दो हजार रुपये नगद व सोने की अंगुठी भी उतार कर ले गए।
पुलिस ने बयान के आधार पर तीनों के खिलाफ मारपीट करने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने चोरी समेत धमकियां देने की धाराओं के तहत केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना सादिक प्रभारी जोगिंदर सिंह के अनुसार पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।